Report by : CWN Desk
Published at :
गुप्ता बंधुओं के देहरादून के ठिकानों पर ईडी की छापेमारी की कार्रवाई

देहरादून। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मंगलवार को गुप्ता बंधुओं से जुड़े देहरादून, सहारनपुर और दिल्ली समेत 14 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय से संचालित इस कार्रवाई में कई टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर दस्तावेजों व संपत्तियों की गहन जांच की। देर रात तक जारी इस ऑपरेशन को दक्षिण अफ्रीका से भारत को मिले कानूनी अनुरोध (एमएलएआर) और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत अंजाम दिया गया।
मामला मई 2024 में देहरादून के प्रतिष्ठित बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी उर्फ बाबा साहनी की आत्महत्या से जुड़ा है। साहनी ने सुसाइड नोट में गुप्ता बंधुओं पर धमकाने और दबाव डालने के गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि साहनी के दो हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में अवैध धन का निवेश किया गया था। इसी सिलसिले में पुलिस ने अजय गुप्ता और उनके जीजा अनिल गुप्ता को गिरफ्तार भी किया था।
ईडी को संदेह है कि गुप्ता बंधुओं ने प्रोजेक्ट्स में अवैध ट्रांजेक्शन के जरिए काले धन को सफेद किया और इसमें विदेशी फंडिंग का भी इस्तेमाल हुआ। फिलहाल छापेमारी में क्या दस्तावेज और सबूत मिले हैं, इसका खुलासा ईडी द्वारा आधिकारिक जानकारी साझा करने के बाद होगा।
यह कार्रवाई न केवल गुप्ता बंधुओं बल्कि रियल एस्टेट सेक्टर से जुड़े कथित अवैध वित्तीय लेन-देन पर भी बड़ा असर डाल सकती है। जांच एजेंसी अब विदेशी कनेक्शन और हवाला ट्रांजेक्शन की भी गहराई से पड़ताल कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›