Report by : CWN Desk
Published at :
पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने सार्वजनिक रूप से अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पत्नी स्वीकारा, दो साल पुराना विवाद समाप्त

हरिद्वार। हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने आखिरकार फिल्म अभिनेत्री उर्मिला सनावर को अपनी दूसरी पत्नी के रूप में सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लिया है। लंबे समय से चल रहे विवाद और अटकलों के बीच रविवार को जीपीओ रोड स्थित एक सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दोनों ने अपने रिश्ते की पुष्टि कर दी।

पत्रकार वार्ता में अभिनेत्री उर्मिला दुल्हन की तरह सजधज कर पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ मंच पर पहुंचीं। दोनों के चेहरे पर मुस्कान और संतोष झलक रहा था। पूर्व विधायक ने कहा कि उर्मिला का प्यार सच्चा था, और आज वह सार्वजनिक रूप से उन्हें अपनी पत्नी के रूप में स्वीकार करते हैं। उन्होंने कहा, “कुछ लोगों ने हमारे बीच गलतफहमियां पैदा कर दी थीं, लेकिन अब वह समय पीछे छूट गया है। उर्मिला का प्यार जीत गया है।”

पूर्व विधायक ने स्पष्ट किया कि उनकी अपनी कुछ पारिवारिक और राजनीतिक मजबूरियां थीं, जिनके चलते वह इस रिश्ते को सार्वजनिक नहीं कर पा रहे थे। लेकिन अब उन्होंने अपनी पहली पत्नी और परिवार को भी विश्वास में ले लिया है, और अब उर्मिला को लेकर कोई विवाद नहीं बचा है।

पत्रकारों द्वारा उर्मिला सनावर के सोशल मीडिया पोस्ट्स के बारे में पूछे जाने पर सुरेश राठौर ने कहा कि वह उर्मिला का गुस्सा और अधिकार की आवाज थी, जो हर पत्नी को अपने रिश्ते के लिए करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि अपने हक को पाने के लिए संघर्ष करना पड़ता है और उर्मिला ने वह संघर्ष पूरी निष्ठा और साहस के साथ किया।

सुरेश राठौर ने यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने ही पहले उर्मिला को यह नसीहत दी थी कि वह इस रिश्ते को मीडिया में उजागर न करें, लेकिन अब उन्हें अपनी गलती का अहसास हो गया है।

इस तरह, दो साल से चले आ रहे इस रिश्ते के विवाद को रविवार को पूर्व विधायक की सार्वजनिक स्वीकारोक्ति ने खत्म कर दिया, और अब दोनों अपने जीवन की नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›