हल्द्वानी
हल्द्वानी गोरापड़ाव डकैती कांड: पुलिस ने चार और आरोपियों को किया गिरफ्तार, हथियार बरामद
हल्द्वानी के गोरापड़ाव में हुई 8 लाख रुपये की डकैती मामले में नैनीताल पुलिस ने चार और आरोपियों को पकड़ा। तमंचे, कारतूस और गाड़ियां बरामद
हल्द्वानी। गोरापड़ाव स्थित तीनपानी क्षेत्र में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की रंगदारी और डकैती के सनसनीखेज मामले में नैनीताल पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. मंजूनाथ टीसी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, 18 हजार रुपये की नकदी और वारदात में इस्तेमाल की गई क्रेटा व स्कॉर्पियो कार बरामद की है। उल्लेखनीय है कि गत 19 अगस्त 2026 को गोरापड़ाव स्थित एक ऑफिस व गैरेज में 10 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने लगभग 8 लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने के जेवर लूट लिए थे।
पीड़ित नारायण दास की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली में धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी ने एसओजी, साइबर सेल और विभिन्न थानों के 50 पुलिस कर्मियों की विशेष टीम का गठन किया। इससे पूर्व 21 अगस्त को पुलिस ने मामले में वंशप्रीत सिंह और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
“हमारी टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस के आधार पर दिल्ली, किच्छा और हल्द्वानी से चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से अवैध हथियार और वाहन बरामद हुए हैं। पुलिस टीम के बेहतरीन कार्य के लिए 2500 रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया गया है।” — डॉ. मंजूनाथ टीसी, एसएसपी, नैनीताल
पुलिस के अनुसार, नए गिरफ्तार आरोपियों में यश सिडाना, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक शामिल हैं। बरामद हथियारों के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।
