Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौलापार मार्ग 27 अगस्त से खुलेगा

हल्द्वानी। करीब 20 दिन से बंद वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग से गौलापार जाने वाला मार्ग अब खुलने की तैयारी में है। लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) ने दावा किया है कि गौला नदी की तरफ सड़क कटाव रोकने के लिए बनाए गए भरान का सेटलमेंट कार्य बाकी है। इसके चलते यह मार्ग 27 अगस्त से सभी प्रकार के वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले मानसून में गौला नदी ने इस मार्ग का लगभग पांच मीटर हिस्सा बहा दिया था। इसके बाद लोनिवि ने कटान रोकने के लिए सुरक्षा दीवार और चौड़ीकरण का कार्य शुरू किया, लेकिन एक वर्ष बीतने के बावजूद कार्य अधूरा रहा। इस बीच 4 अगस्त को भारी बारिश के चलते उफनाई गौला ने निर्माणाधीन सुरक्षा दीवार और करीब चार मीटर सड़क को नुकसान पहुंचा दिया। इससे यातायात को पूरी तरह रोकना पड़ा।
लोनिवि के ईई प्रत्यूष कुमार ने बताया कि अतिरिक्त चार मीटर सड़क का निर्माण रविवार को पूरा कर लिया गया है। हालांकि पहाड़ों में हो रही लगातार बारिश से गौला नदी उफान पर है, जिसकी वजह से सुरक्षा दीवार का निर्माण प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दीवार के भरान का प्राकृतिक सेटलमेंट न हो पाने के कारण देरी हुई, लेकिन 27 अगस्त तक मार्ग को सभी वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा। वहीं, सितंबर में इस मार्ग पर डामरीकरण का कार्य भी कर दिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›