Connect with us

देहरादून

देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर भीषण हादसा: बस-स्कॉर्पियो में लगी आग, पति-पत्नी की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

रायवाला के मोतीचूर फ्लाईओवर पर रोडवेज बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली और स्कॉर्पियो की जोरदार भिड़ंत। सीएनजी सिलेंडर फटने से दो वाहन जलकर खाक, नजीबाबाद के दंपत्ति की जान गई।

देहरादून/रायवाला: देहरादून-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर रविवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। रायवाला थाना क्षेत्र के मोतीचूर फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के सामने रोडवेज बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, स्कॉर्पियो और एक ट्रक समेत पांच वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे बस और कार दोनों धू-धू कर जल उठे। इस भीषण अग्निकांड में नजीबाबाद निवासी एक दंपत्ति की दुखद मृत्यु हो गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना रात लगभग 9:45 बजे की है। देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही रोडवेज बस (UK04PA1678) और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत के बाद पीछे से आ रही गाड़ियाँ एक-दूसरे से टकराती चली गईं। स्कॉर्पियो में हुए धमाके ने आग को विकराल रूप दे दिया। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुके थे।
हादसे में जान गंवाने वाले मृतक सचिन (40 वर्ष) और उनकी पत्नी कुसुम (30 वर्ष) उत्तर प्रदेश के बिजनौर (नजीबाबाद) के निवासी थे। वे अपने परिवार के साथ झंडा मेला, देहरादून से वापस लौट रहे थे। इस दुर्घटना में परिवार के ही 9 अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार में भर्ती कराया गया है।
रायवाला पुलिस और दमकल कर्मियों ने घंटों की मशक्कत के बाद फ्लाईओवर पर लगे लंबे जाम को खुलवाया। क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात सामान्य किया गया है। पुलिस प्रशासन अब हादसे के सटीक कारणों की जांच कर रहा है। घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने हाईवे पर सुरक्षा मानकों को लेकर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement