Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, मन भर गया तो जहर देकर मारने का प्रयास

देहरादून। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर की युवती ने दून निवासी एक युवक पर शादी का झांसा देकर दो साल से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने कहा कि आरोपित उसे अलग-अलग होटलों में ले गया और उसके साथ गलत काम किया है।
कहा आरोपित की सगाई होने पर जब वह देहरादून पहुंची तो आरोपित व उसकी मां ने उसे जहर देकर जान से मारने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रेमनगर थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म व मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस को दी तहरीर में पीड़ित युवती ने बताया कि उसकी मुलाकात दो वर्ष पूर्व जीवनसाथी डाट काम पर यजुवेंद्र निवासी झाझरा प्रेमनगर के साथ हुई थी। कहा कि आरोपित शादी का झांसा देकर दो वर्ष से उसके साथ अलग-अलग होटलों में ले जाकर दुष्कर्म करता रहा।
शादी की बात कहने पर आरोपित ने कहा कि उसके पिता का कुछ समय पहले निधन हुआ है और उसकी मां की तबीयत भी ठीक नहीं है। मां की तबीयत ठीक होने पर वह शादी कर लेगा। कुछ समय बाद आरोपित ने कहा कि उसने किसी अन्य युवती से सगाई कर ली है। इसलिए वह अब आगे रिश्ता नहीं रख सकता।
28 मई को पीड़ित जब युवक के घर देहरादून पहुंची तो आरोपित यजुवेंद्र व उसकी मां मंजू सिंह ने उसके साथ मारपीट की और जहर पिलाकर घर के बाहर फेंक दिया। काफी देर तक वह बेहोश रही। थोड़ा होश आने पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन किया, जहां पुलिस ने आकर उसे अस्पताल में भर्ती कराया। जब इसकी सूचना पीड़ित की मां को मिली तो वह देहरादून पहुंची और उसे शाहजहांपुर ले गई।

पीड़ित की मां ने जब यजुवेंद्र से शादी की बात की तो आरोपित ने महंगी कार की डिमांड की। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित यजुवेंद्र व उसकी मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›