Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी फतेहुपुर बावन डांठ नाले के रपटे में बहने से युवक की मौत

देहरादून। दिल्ली से सहस्रधारा घूमने आए तीन युवक नदी के तेज बहाव में बह गए। एक को नदी तट पर मौजूद लोगों ने बचा लिया, जबकि दो युवकों के शव बरामद हो गए। घायल अवस्था में बचाए गए युवक का कोरोनेशन अस्पताल में इलाज चल रहा है।
दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके से ये युवक 10-12 साथियों के साथ कांवड़ लेने के लिए निकले थे। इससे पहले सभी बृहस्पतिवार दोपहर सहस्रधारा नहाने के लिए पहुंच गए। एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया, कंट्रोल रूम पर सहस्रधारा में तीन युवकों के बहने की सूचना मिली थी। इस पर वहां पुलिस, फायर सर्विस और एसडीआरएफ के जवान पहुंचे।
संयुक्त टीम ने युवकों की तलाश की तो करीब 400 मीटर दूर दो युवकों के शव मिल गए, जबकि तीसरे युवक को नदी तट पर मौजूद लोगों ने निकाल लिया। मृतकों की पहचान इंद्रपाल (35), निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली और भूपिंदर राणा निवासी अमर विहार सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है, जबकि घायल का नाम मनोज निवासी सुल्तानपुरी दिल्ली है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखा गया है। एसओ के मुताबिक, करीब 10-12 युवकों का दल सहस्रधारा पहुंचा था। दोपहर के वक्त युवक नदी में बह गया। उसे बचाने के लिए दो दोस्त भी नदी में कूद गए, लेकिन रातभर हुई तेज बारिश के कारण नदी का बहाव बेहद तेज था। ऐसे में उनके पैर भी नदी तल से उखड़ गए और तीनों बह गए।
मनोज किनारे पर ही बह रहा था। ऐसे में वहां मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकाल लिया। एसओ के अनुसार, ये सभी कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जाने वाले थे, लेकिन इससे पहले सभी ने सहस्रधारा में नहाने का मन बनाया था। इसी बीच यह हादसा हो गया। मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›