Report by : कालू वर्मा
Published at :
हरिद्वार में बच्चे की हत्या में फरार बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, एक दरोगा को गोली लगी, बदमाश भी घायल

हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में बीते दिसंबर में हुई छह साल के बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पहले बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। जिससे सीआईयू के दरोगा को गोली लग गई। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि गोली लगने से घायल दरोगा का भी उपचार चल रहा है।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि दिसंबर में रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में झुग्गी बस्ती चमगादड़ टापू में पेशे से ई रिक्शा चालक राजेश के छह वर्षीय बेटे अजीत की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। घर से मोमबत्ती लेने पहुंचे मासूम का शव एक झुग्गी में मिला था, जिसके गले में चुन्नी का फंदा कसा हुआ था। उसके शरीर के कई अंगों को चूहों ने नोंच खाया था। तभी से टीमें आरोपी की तलाश में लगातार जुटी हुई थी। बुधवार की रात सूचना मिली कि चमगादड़ टापू के पास बच्चे की हत्या करने वाला आरोपी घूम रहा है। इसके बाद सीआईयू और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। तब आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायर झोंक दिया। जिससे दरोगा पवन डिमरी घायल हो गए। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश प्रदीप उर्फ दीपक के पैर में गोली लग गई। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार लिया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›