Report by : CWN Desk
Published at :
मसूरी में कार खाई में गिरी, 3 लोगों की मौत

देहरादून। मसूरी हाथी पांव शनि बैंड के पास एक कार (HR42F 2676) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई जिसमें सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, फायर सर्विस, एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गहरी खाई से तीनों शव बाहर निकाले गए।
मसूरी कोतवाल अरविंद चौधरी और फायर सर्विस इंचार्ज धीरज  ने बताया कि घटना देर रात की है हाथी पांव शनि बैंड के पास मोड पर कार अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में जा गिरी। देर रात हादसा होने के कारण किसी को दुर्घटना की जानकारी नहीं मिली वहीं सुबह के समय स्थानीय लोग जब जंगल की ओर गए तो उन्होंने देखा कि एक कार खाई में गिरी हुई है और उसके पास तीन लोग मृत हालत में पड़े हुए हैं जिसकी सूचना मसूरी पुलिस को दी गई।
जिसके बाद पुलिस तत्काल मौके के लिए रवाना हुई और एसडीआरएफ और फायर सर्विस की मदद से तीनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों के पास आधार कार्ड मिले हैं जिसके आधार पर परिजनों से संपर्क किए जाने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार में से भी कई कागजात मिले हैं और संभवत देर शाम तक मृतकों की पहचान हो जाएगी। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›