Connect with us

उधमसिंह नगर

रुद्रपुर में हाईकोर्ट के अधिवक्ता पर बाइक सवार बदमाशों ने चलाई गोली, गोली पैर को चीरते हुए निकली

Published

on

खबर शेयर करें 👉

घटनास्थल से जब्त किए दो खोखे, एसएसपी को बताया था, बेटे की जान को है खतरा
रुद्रपुर। शहर के मुख्य बाजार में मोबाइल पर बात कर रहे हाईकोर्ट के अधिवक्ता पर बाइक सवार बदमाशों ने गोली चला दी। हादसे में एक गोली उनके दाहिने पैर को चीरते हुए निकल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश आसानी से बाइक पर फरार हो गए। युवक को आनन-फानन निजी और जिला अस्पताल में ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत खतरे से बाहर है। पूरी घटना एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है और पुलिस हमलावरों की तलाश में जुटी है।
गदरपुर के वार्ड नंबर दो स्थित शिशु मंदिर रोड निवासी प्रशांत सिंह पेशे से हाईकोर्ट में अधिवक्ता है। उनके पास यूथ कांग्रेस के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष की भी जिम्मेदारी है। प्रशांत का काशीपुर रोड पर फ्लाईओवर के पास सी लिंक ओवरसीज नाम से आइलेट्स संस्थान है। बृहस्पतिवार दोपहर ढाई बजे प्रशांत अपने भाई सत्यम के साथ एक जमीन का स्टांप बनवाने के लिए गांधी पार्क के पास एक दुकान के पास कार से पहुंचे थे। कार से उतरकर प्रशांत दुर्गा मंदिर धर्मशाला के पास मोबाइल पर किसी से बात कर रहे थे और सत्यम कार पार्क कर रहा था।
इसी बीच बाजार की तरफ से बाइक सवार दो युवक प्रशांत के पास पहुंचे थे और दोनों ने मुंह पर कपड़ा बांधा था। बदमाश के इरादे भांपकर प्रशांत थोड़ा दूर हुआ तो बाइक पर पीछे बैठे युवक ने उतरकर प्रशांत पर पिस्टल से दो गोलियां दाग दीं। इसके बाद दोनों आसानी से फरार हो गए। दो गोली लगने के बाद प्रशांत सड़क पर गिर गए। इसी बीच कार पार्किंग कर रहा छोटा भाई सत्यम वहां पहुंचा और घायल प्रशांत को आसपास के लोगों की मदद से इलाज के लिए काशीपुर रोड स्थित निजी अस्पताल में पहुंचाया। निजी अस्पताल में इलाज के बाद प्रशांत को जिला अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। प्रभारी कोतवाल जगदीश ढकरियाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। सूचना पर एसपी सिटी मनोज कत्याल ने मौका मुआयना करने के साथ ही अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली। घटनास्थल के पास एक दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई। पुलिस सीसीटीवी के आधार पर बदमाशों को चिह्नित करने में जुटी है। घायल के पिता ने बताया कि बेटे के कूल्हे और दाहिनी टांग के नीचे गोली लगी है।
दिनदहाड़े गोलीकांड की सूचना से पुलिसकर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। पुलिसकर्मियों के साथ व्यापारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्गा मंदिर धर्मशाला के ठीक सामने से 32 बोर के दो खोखे भी जब्त किए। एक खोखा तो सड़क पर पानी भरे गड्ढे में था। इसे पुलिस ने गड्ढे से पानी साफ कर कब्जे में लिया। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने दिनदहाड़े हुई घटना को चिंताजनक करार दिया। कहा कि बदमाश बेखौफ होकर आए और युवक को गोली मारकर चले गए। यह कानून व्यवस्था के लिहाजा से अच्छा संकेत नहीं है। कहा कि वारदात को अंजाम देने वाले जल्द पकड़े जाएं। 
जिला अस्पताल पहुंचे घायल प्रशांत के पिता अनिल सिंह ने कहा कि उनका बेटा यूथ कांग्रेस का गदरपुर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष है और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहता है। डेढ़ साल पहले उन्हाेंने एसएसपी से बेटे की जान को खतरा बताते हुए हत्या की साजिश होने की शिकायत की थी लेकिन एसएसपी ने उनकी शिकायत का संज्ञान नहीं लिया था और उनको ही गलत ठहराया था। उस समय भी बेटे पर हमला हुआ था और एक केस रुद्रपुर कोतवाली में दर्ज हुआ था। एक महीने पहले ही गदरपुर एसओ को नामजद तहरीर दी थी और उसे दर्ज नहीं किया गया था।
पिता ने पुलिस से सवाल किया कि उन्होंने उनका केस दर्ज क्यों नहीं किया। कहा कि एक साल पहले उनके बड़े बेटे सुमित ने आत्महत्या की थी। इसका कारण उनको बाद में पता चला था। जिन लोगों ने गोलीकांड को अंजाम दिया है, उनको लोगों ने ही सुमित को परेशान कर रखा था। इस कारण उसने आत्महत्या की थी। पुलिस अधिकारियों को बार-बार सचेत किया था। मुख्यमंत्री से निवेदन किया है कि गोलीकांड में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement