Report by : CWN Desk
Published at :
दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने ऋषिकेश के प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय में मारा छापा

आवास में भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जांच की, 12 घंटे तक दस्तावेज खंगालने के बाद टीम शाम छह बजे वापस लौट गई
ऋषिकेश।
दिल्ली से आई आयकर विभाग की टीम ने ऋषिकेश के सत्यम प्रॉपर्टी डीलर के कार्यालय और आवास में भूमि से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। 12 घंटे तक दस्तावेज खंगालने के बाद टीम शाम छह बजे वापस लौट गई। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए स्थानीय पुलिस के बजाय आईटीबीपी के जवान मुस्तैद रहे।
बृहस्पतिवार सुबह छह बजे चार वाहनों से दिल्ली से आयकर विभाग की दो टीमें ऋषिकेश पहुंचीं। टीम ने पहले प्रॉपर्टी डीलर के हरिद्वार रोड, एसबीएम कॉम्प्लेक्स स्थित कार्यालय में छापा मारा, उसके बाद दूसरी टीम ने प्रॉपर्टी डीलर के उग्रसेन नगर स्थित आवास पर पहुंचकर छापा मारा।
आयकर विभाग की टीम सुरक्षा के लिए दिल्ली से ही आईटीबीपी के जवानों को साथ लाई थी। आयकर विभाग को भूमि से संबंधित दस्तावेजों की तलाश थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आयकर विभाग दिल्ली की ओर से दिल्ली में भी कुछ बिल्डरों के यहां छापे मारे गए थे। वहां ऐसे दस्तावेज मिले हैं, जिनके आधार पर यह टीम ऋषिकेश पहुंची। बताया कि जमीन संबंधित दस्तावेजों को कब्जे में लेकर टीम शाम छह बजे दिल्ली के लिए रवाना हो गई।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›