Connect with us

देहरादून

मसूरी में ITBP जवान ने की आत्महत्या: खिड़की के कुंडे से लटका मिला शव, जांच शुरू

Published

on

खबर शेयर करें 👉

मसूरी में तैनात ITBP कांस्टेबल चेतराम मीणा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जवान राजस्थान का निवासी था। पुलिस और ITBP अधिकारी मामले की जांच में जुटे हैं।

मसूरी। उत्तराखंड के मसूरी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहाँ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के एक जवान ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद छावनी क्षेत्र और सुरक्षा बलों के बीच शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस और आईटीबीपी के वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुँचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान 38 वर्षीय कांस्टेबल चेतराम मीणा के रूप में हुई है। वह राजस्थान के दौसा जिले के ग्राम भौबता के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, चेतराम ने अपने कमरे की खिड़की के कुंडे से नायलॉन की रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या की। वह यूनिट 14 पिथौरागढ़ में तैनात थे और करीब दो महीने पहले ही मसूरी स्थानांतरित होकर आए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पूरे घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और कमरे को सील कर दिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सुसाइड के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।
जांच के दौरान एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है। बताया जा रहा है कि जुलाई 2025 में जब चेतराम पिथौरागढ़ में तैनात थे, तब भी उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था। उस समय उन्हें बचा लिया गया था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या जवान किसी मानसिक तनाव या पारिवारिक समस्या से जूझ रहे थे।
जवान की मौत की सूचना राजस्थान स्थित उनके परिजनों को दे दी गई है। आईटीबीपी के अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने जवान के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement