हल्द्वानी
जितेंद्र मेहता ‘जीतू’ बने भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के उत्तराखंड प्रदेश संयोजक, कार्यकर्ताओं में हर्ष
वरिष्ठ भाजपा नेता जितेंद्र मेहता ‘जीतू’ को भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का उत्तराखंड प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। हल्द्वानी सहित पूरे प्रदेश में खुशी की लहर।
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व की सहमति से उत्तराखंड भाजपा संगठन को धरातल पर और अधिक सशक्त बनाने के लिए बड़ा निर्णय लिया गया है। लंबे समय से सामाजिक और राजनैतिक रूप से सक्रिय, वरिष्ठ भाजपा नेता और समर्पित कार्यकर्ता श्री जितेन्द्र मेहता ‘जीतू’ को भाजपा सांस्कृतिक प्रकोष्ठ का उत्तराखंड प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। हल्द्वानी निवासी श्री मेहता की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी से कुमाऊं सहित पूरे प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं और सामाजिक क्षेत्रों में हर्ष की लहर दौड़ गई है।
नवनियुक्त प्रदेश संयोजक श्री जितेन्द्र मेहता ‘जीतू’ ने इस बड़ी जिम्मेदारी के लिए भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर पूरी निष्ठा के साथ खरा उतरेंगे। श्री मेहता ने अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट करते हुए कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और कला को सहेजने के लिए वे पूरी ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे।
इसके साथ ही, उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक मंचों के माध्यम से भाजपा की लोक-कल्याणकारी नीतियों और विचारधारा को उत्तराखंड के कोने-कोने में जन-जन तक पहुँचाना उनका मुख्य लक्ष्य रहेगा। श्री मेहता को प्रदेश संयोजक बनाए जाने पर उत्तराखंड के प्रकोष्ठ प्रमुख श्री कौस्तुभनंद जोशी सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने बधाई दी है। जिले के विधायक वंशीधर भगत, मोहन सिंह बिष्ट, दीवान सिंह बिष्ट और सरिता आर्या ने भी उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दर्मवाल, मेयर गजराज बिष्ट, जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट और राज्य मंत्री सुरेश भट समेत कई गणमान्य व्यक्तियों ने उम्मीद जताई है कि उनके कुशल नेतृत्व और लंबे सांगठनिक अनुभव का लाभ पार्टी को बड़े पैमाने पर मिलेगा। कार्यकर्ताओं का मानना है कि इस नियुक्ति से न केवल सांस्कृतिक प्रकोष्ठ सक्रिय होगा, बल्कि आगामी सांगठनिक लक्ष्यों को पूरा करने में भी बड़ी मदद मिलेगी।
