हल्द्वानी
हल्द्वानी मंडी में पत्नी का हाईवोल्टेज ड्रामा, पति को फ्राईपैन से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
हल्द्वानी के मंगल पड़ाव नवीन सब्जी मंडी में मामूली विवाद पर पत्नी ने खोया आपा। दुकान से फ्राईपैन उठाकर पति की बीच बाजार कर दी धुनाई, वीडियो हुआ वायरल।
हल्द्वानी। शहर से एक बेहद हैरान करने वाला और अजीबोगरीब मामला सामने आया है। हल्द्वानी के व्यस्ततम इलाके मंगल पड़ाव स्थित नवीन सब्जी मंडी में सोमवार शाम को एक महिला ने बीच बाजार अपने पति की फ्राईपैन (Frying Pan) से जमकर धुनाई कर दी। भरे बाजार में सरेआम हुए इस हाईवोल्टेज ड्रामे को देखकर वहां मौजूद आढ़तियों, दुकानदारों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए पत्नी के तेवर देखकर पति ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
मिली जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के मंगल पड़ाव इलाके में रहने वाला एक दंपत्ति सोमवार शाम को रोजमर्रा की तरह नवीन मंडी में सब्जी खरीदने आया था। सब्जी की खरीदारी करने के दौरान ही दोनों के बीच किसी घरेलू बात को लेकर अचानक बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया कि पत्नी ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में तमतमाई पत्नी ने पास की ही एक दुकान के काउंटर पर रखा फ्राईपैन उठा लिया और पति पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
महिला ने गुस्से में बीच मंडी में ही अपने पति को फ्राईपैन से दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से घबराकर पति बाजार में इधर-उधर भागने लगा और किसी तरह खुद को बचाकर वहां से नौ दो ग्यारह हो गया। बताया जा रहा है कि पीड़ित पति शहर में ही मजदूरी का काम करता है और इस दंपत्ति के तीन बच्चे हैं। इस अजीबोगरीब वाकये के बाद काफी देर तक सब्जी मंडी में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और लोग तमाशबीन बने रहे।
बाजार में हंगामा बढ़ता देख कुछ स्थानीय दुकानदारों ने बीच-बचाव करने की कोशिश भी की। हालांकि, महिला का उग्र रूप और हाथ में फ्राईपैन देखकर किसी की भी आगे आने की हिम्मत नहीं हुई। पति के भाग जाने के बाद पत्नी चुपचाप सब्जी का थैला उठाकर अपने घर की ओर चली गई। इस संबंध में प्रभारी चौकी मंगल पड़ाव दीपक कार्की ने बताया कि पुलिस के पास फिलहाल कोई लिखित शिकायत नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया और स्थानीय चर्चाओं के माध्यम से यह पूरा घटनाक्रम पुलिस के संज्ञान में जरूर आया है।
