Connect with us

उधमसिंह नगर

काशीपुर किसान आत्महत्या मामला: IPS नीहारिका तोमर के नेतृत्व में SIT गठित

Published

on

खबर शेयर करें 👉

काशीपुर में किसान सुखवंत सिंह सुसाइड केस में सीएम धामी के निर्देश पर SIT गठित। IPS नीहारिका तोमर करेंगी 7 सदस्यीय टीम का नेतृत्व। 26 आरोपियों पर कसा शिकंजा।

काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर में किसान सुखवंत सिंह की आत्महत्या के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए जाने के बाद, पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह एक्शन में है। ऊधम सिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने इस संवेदनशील मामले की तह तक जाने के लिए सात सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर दिया है।
इस महत्वपूर्ण SIT की कमान महिला आईपीएस अधिकारी और पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात) नीहारिका तोमर को सौंपी गई है। सुखवंत सिंह को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में कोतवाली आईटीआई में पहले ही 26 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। अब यह टीम प्रत्येक आरोपी की भूमिका और घटना की पृष्ठभूमि की गहनता से पड़ताल करेगी।
एसआईटी में अनुभवी पुलिस अधिकारियों को शामिल किया गया है, जिसमें काशीपुर और आईटीआई के प्रभारी निरीक्षकों के साथ-साथ एसओजी (SOG) की टीमें भी शामिल हैं। जांच टीम का मुख्य लक्ष्य वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्यों को एकत्रित करना है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष होगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
बता दें कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने पहले ही सख्त कदम उठाए हैं। अब तक दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है और संबंधित चौकी के पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया गया है। मुख्यमंत्री धामी स्वयं इस मामले की निगरानी कर रहे हैं ताकि पीड़ित किसान परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।
किसान की मौत के बाद क्षेत्र में उपजे जनाक्रोश को देखते हुए पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है। एसआईटी ने अपनी कार्यवाही शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा सकती है। काशीपुर की जनता अब इस हाई-प्रोफाइल जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है, ताकि सच सामने आ सके।

Select Language

Advertisement