Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
द्वाराहाट में कुंती फुलारा ने क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए चुनाव लड़ने का किया ऐलान

द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। मल्ली बिठौली की सामान्य सीट से क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती कुंती फुलारा ने द्वाराहाट से क्षेत्र पंचायत प्रमुख पद के लिए चुनाव लड़ने की घोषणा की है। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) से जुड़ी कुंती फुलारा ने कहा कि आज राष्ट्रीय दलों द्वारा चुनाव जीतने के लिए बाहुबल, धनबल और तरह-तरह की तिकड़मों का सहारा लिया जा रहा है, जिसके कारण अधिकांश पंचायतें भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के अड्डों में बदल गई हैं।

उन्होंने कहा कि इन परिस्थितियों से निपटने के लिए ईमानदार जनप्रतिनिधियों और आम जनता को एकजुट होना होगा। कुंती फुलारा ने विश्वास जताया कि जो प्रतिनिधि बाहुबल और धनबल के आगे नहीं झुके, वे इस चुनाव में उनका सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि जीत मिलने पर वे उपपा की “ग्राम सरकार, क्षेत्र सरकार और जिला सरकार” की अवधारणा को लागू करने के साथ राज्य की अस्मिता और जनसंघर्षों में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।

ज्ञातव्य है कि श्रीमती कुंती फुलारा, उपपा के अल्मोड़ा जिलाध्यक्ष महेश फुलारा की पत्नी हैं। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी. सी. तिवारी ने राज्य की ईमानदार और संघर्षशील ताकतों से अपील की है कि वे कुंती फुलारा को विजयी बनाकर सामाजिक बदलाव की दिशा में योगदान दें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›