Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
छोटे कद का बड़ा नेता: लछू पहाड़ी ने दिखाया हौसले का कमाल

बागेश्वर। कहावत है—“कद से नहीं, कर्म से बड़ा बनता है इंसान।” इस बात को सच कर दिखाया है गरुड़ ब्लॉक के गढ़खेत क्षेत्र से जिला पंचायत सदस्य पद पर विजयी हुए लछू पहाड़ी ने। भले ही उनका कद छोटा हो, लेकिन उनके आत्मविश्वास, जनसेवा की भावना और मजबूत इच्छाशक्ति ने उन्हें जनता का चहेता बना दिया।
आज के दौर में जब चुनाव प्रचार धनबल और बाहुबल पर निर्भर होता जा रहा है, लछू पहाड़ी ने सीमित संसाधनों और साफ छवि के बल पर बड़ी जीत दर्ज की। उन्होंने जनता से सीधे संवाद, सेवा भाव और ईमानदारी को अपनी ताकत बनाया, जिसका परिणाम है गढ़खेत की जनता का उन्हें खुला समर्थन।
लछू की जीत इस बात का संकेत है कि जनता अब वादों और दिखावे से ऊपर उठकर सच्चे और जमीनी नेताओं को प्राथमिकता दे रही है। सोशल मीडिया से लेकर गांव की गलियों तक लछू पहाड़ी की चर्चा “छोटे कद का बड़ा नेता” कहकर हो रही है। क्षेत्र में खुशी की लहर है और बधाइयों का तांता लगा हुआ है।
यह जीत न केवल लछू पहाड़ी की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उन युवाओं के लिए भी प्रेरणा है जो ईमानदारी, आत्मबल और जनसेवा को अपना मार्ग बनाकर राजनीति में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहते हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›