Report by : CWN Desk
Published at :
एमबीबीएस में दाखिला करवाने के नाम पर लाखों की ठगी, मुकदमा दर्ज

हरियाणा फरीदाबाद की महिला चिकित्सक ने देहरादून निवासी दंपती पर उनके बेटे पर लगाया आरोप
देहरादून। हरियाणा के जिला फरीदाबाद की रहने वाली एक महिला चिकित्सक ने देहरादून निवासी दंपती पर उनके बेटे का एमबीबीएस में प्रवेश कराने के नाम पर पांच लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पांच साल पुराने मामले में प्रेमनगर थाना पुलिस ने दंपती के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, फरीदाबाद हरियाणा निवासी डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि वह जून-2018 में बेटे का एमबीबीएस में प्रवेश कराने के लिए देहरादून आईं थीं। यहां प्रेमनगर क्षेत्र के सुद्धोवाला में वह अपनी दोस्त के यहां रुकी थी। इस दौरान उनकी मुलाकात अनिल श्रीवास्तव और उसकी पत्नी सिम्मी श्रीवास्तव से हुई। 
अनिल श्रीवास्तव ने उन्हें बताया कि वह एक निजी मेडिकल कॉलेज में एडमिशन इंचार्ज हैं। उसने कॉलेज में एमबीबीएस में दाखिला कराने का आश्वासन दिया। आरोप है कि इसके एवज में उनसे पांच लाख रुपये मांगे गए, जो डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने नकद दे दिए। काउंसलिंग के दिन वह पूरे दिन कॉलेज में बैठे रहे, लेकिन अनिल और सिम्मी वहां नहीं आए। उनके बेटे का एडमिशन नहीं हो पाया।
आरोप है कि जब उन्होंने आरोपियों से रकम लौटाने के लिए कहा तो वह टालमटोल करने लगे। रुपये लेने के लिए वह कई बार फरीदाबाद से देहरादून आईं। इसके बाद कोरोना के कारण लॉकडाउन लग गया। आरोप है कि अभी तक उनकी रकम नहीं लौटाई गई है। अब आरोपी उन्हें पहचानने से भी इनकार कर रहे हैं। प्रेमनगर थानाध्यक्ष पीडी भट्ट ने बताया कि आरोपी अनिल श्रीवास्तव और उसकी पत्नी सिम्मी श्रीवास्तव निवासी सुद्धोवाला के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›