राजनीति
विधायक राम सिंह कैड़ा ने रामगढ़ ब्लॉक के गांवों का किया दौरा, ग्रामीणों की समस्याएं, सुनी हर ब्लॉक में लगाए जाएंगे वेदर स्टेशन, आलू बीमा में गड़बड़ी पर होगी कार्रवाई
रामगढ़/भीमताल।
भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक राम सिंह कैड़ा ने आज रामगढ़ ब्लॉक के लोस्ज्ञानी, नथुवाखान, भलाड़ सहित अन्य गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान किसानों और स्थानीय लोगों ने आलू बीमा, बिजली, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क और पेयजल से जुड़ी गंभीर समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
ग्रामीणों ने विशेष रूप से शिकायत की कि इस वर्ष किसानों को आलू फसल बीमा की बहुत कम राशि मिली है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस पर विधायक कैड़ा ने शासन स्तर पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कृषि एवं उद्यान विभाग के उपनिदेशक व मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नरेंद्र सिंह यादव से फोन पर वार्ता की।
विधायक ने बताया कि वे इस मुद्दे को पहले ही कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री के समक्ष रख चुके हैं और किसानों को कम बीमा मिलने की समस्या से अवगत कराते हुए समाधान की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि वेदर यंत्र (मौसम स्टेशन) सही स्थानों पर न लगने के कारण फसल नुकसान का सही आकलन नहीं हो पा रहा है, जिसका सीधा असर किसानों को मिलने वाली बीमा राशि पर पड़ रहा है।
विधायक कैड़ा के आग्रह पर अब शासन स्तर से भीमताल विधानसभा क्षेत्र के चारों ब्लॉकों में ग्राम पंचायतों के मध्य वेदर यंत्र (स्टेशन) लगाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को उचित आलू बीमा दिलाने के लिए SBI बीमा कंपनी पर कार्रवाई की जाए और किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा विधायक ने बिजली, सड़क, स्वास्थ्य और पेयजल से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए वे लगातार शासन-प्रशासन से समन्वय बनाए रखेंगे।
