Connect with us

उधमसिंह नगर

खटीमा में मातम: जहरीला पदार्थ पीने से दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम, पुलिस ने शराब की दुकान की सील

Published

on

खबर शेयर करें 👉

खटीमा में शराब के साथ जहरीला पदार्थ पीने से ढिल्लू राणा के बाद मलकीत सिंह की भी मौत। पुलिस ने कंजाबाग की शराब दुकान सील की, जांच जारी।

खटीमा: ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में गुरुवार रात हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौतों के मामले ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। शराब के साथ जहरीला पदार्थ पीने से उप जिला चिकित्सालय में हुई ढिल्लू राणा की मौत के बाद, शुक्रवार को बरेली में उपचार के दौरान दूसरे युवक मलकीत सिंह राणा (52) ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना में एक अधिवक्ता की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है।
शादी समारोह से लौटकर पी थी शराब
जानकारी के मुताबिक, कंजाबाग पार्वती मंडप के स्वामी ढिल्लू राणा, मलकीत सिंह और अधिवक्ता प्रवेश मौर्य एक विवाह समारोह से लौट रहे थे। तीनों ने कंजाबाग चौराहे स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान से ‘8 PM ब्लैक’ ब्रांड की शराब खरीदी और कार में बैठकर पी। शराब पीते ही तीनों को शरीर में तेज जलन और कंपन महसूस होने लगा, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दुकान सील और DVR कब्जे में
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने गुरुवार देर रात ही संबंधित शराब की दुकान को सील कर दिया है। पुलिस ने मौके से शराब की खाली बोतल और एक अन्य संदिग्ध तीव्र गंध वाली बोतल बरामद की है। दुकान की डीवीआर (DVR) को भी कब्जे में लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता चल सके कि शराब में कुछ मिलाया गया था या गलती से कुछ और पी लिया गया।
परिवार में पसरा सन्नाटा
मृतक ढिल्लू राणा थारू समाज के एक प्रतिष्ठित व्यक्ति थे। महज 23 जनवरी को ही उन्होंने अपनी बड़ी बेटी का विवाह धूमधाम से किया था। खुशियों वाले घर में अचानक हुई इस मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्र में किसी भी संभावित तनाव को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस बल तैनात किया है।
अधिवक्ता का बयान: थोड़ा पीते ही शुरू हुआ कंपन
अस्पताल में भर्ती अधिवक्ता प्रवेश मौर्य ने होश में रहते हुए बयान दिया कि शराब का पैक पीते ही उन्हें शरीर में कंपन महसूस होने लगा था। उन्होंने बताया कि ढिल्लू राणा ने ही दुकान से बोतल खरीदी थी। फिलहाल पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता चल सके।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement