उधमसिंह नगर
जसपुर में कीचड़ उछालने के विवाद में कार से मारी टक्कर, नितिन हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार
ऊधमसिंह नगर के जसपुर में गाड़ी से कीचड़ उछालने का विरोध करने पर बाइक सवार युवकों को कार से कुचलने वाले दो मुख्य आरोपियों पुष्पेंद्र और जाकिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जसपुर: उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जनपद अंतर्गत जसपुर में सनसनीखेज नितिन हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। सड़क पर गाड़ी से कीचड़ उछालने जैसी मामूली बात का विरोध करने पर कार सवार युवकों ने बाइक को जानबूझकर जोरदार टक्कर मार दी थी। इस खौफनाक वारदात में 20 वर्षीय नितिन कुमार की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी कार चालक पुष्पेंद्र और उसके साथी जाकिर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना बीते 10 जुलाई की देर शाम को घटित हुई थी। जसपुर निवासी नितिन, लविश और हर्ष अपनी मोटरसाइकिल से बाजार गए हुए थे। इसी दौरान रास्ते में तेज रफ्तार से आ रही एक बलेनो कार के पहिए से सड़क का कीचड़ उछलकर बाइक सवार युवकों पर गिर गया। नितिन और उसके दोस्तों ने जब इस लापरवाही का विरोध किया, तो कार सवार युवकों के साथ उनकी तीखी बहस हो गई। उस समय मामला शांत हो गया था, लेकिन कार सवारों के मन में यह रंजिश बैठ गई थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि इसी रंजिश के चलते कार सवारों ने युवकों का पीछा किया। उसी रात ठाकुरद्वारा चुंगी से खेड़ा जाने वाली नहर रोड पर कार चालक ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे। इस हादसे में गंभीर चोटें आने के कारण 20 वर्षीय नितिन कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि लविश और हर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया और स्थानीय विधायक सहित परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली का घेराव भी किया था।
नितिन के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पुष्पेंद्र चौहान उर्फ मानू (निवासी ग्राम कासमपुर) और जाकिर गुज्जर (निवासी नई बस्ती) सहित एक अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जसपुर कोतवाल राजेश पांडे के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने हाईवे के किनारे रणनीतिक घेराबंदी करते हुए रविवार को दोनों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार भी बरामद कर ली है।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में एसएसआई भूपाल राम पौरी, एसआई राजेंद्र प्रसाद मौनियाल, संतोष देवरानी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल अन्य कड़ियों की जांच की जा रही है। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है और कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है।
