Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
रक्षाबंधन पर छात्रों ने पेड़ों को राखी बांधकर लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

डीडीहाट (पिथौरागढ़)। रक्षाबंधन के अवसर पर अभिलाषा समिति, पिथौरागढ़ के तत्वावधान में संचालित अभिलाषा एकेडमी, डीडीहाट में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक अनूठी पहल हुई। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक भाई-बहन प्रेम के प्रतीक रक्षाबंधन को प्रकृति से जोड़ते हुए विद्यालय प्रांगण और आसपास के पेड़ों को राखी बांधी तथा उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प लिया।


कार्यक्रम में नन्हे-मुन्नों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक सभी ने अपने हाथों से बनी पर्यावरण-थीम आधारित राखियां बांधकर पेड़ों की कटाई रोकने, नियमित जल देने और स्वच्छता बनाए रखने का वचन दिया। प्रधानाचार्या डॉ. अनीता जोशी ने कहा कि जैसे राखी का धागा रिश्तों को मजबूत करता है, वैसे ही यह संकल्प प्रकृति से हमारे अटूट बंधन को सुदृढ़ करेगा।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने पर्यावरण विषयक गीत, कविताएं और लघु नाटिका प्रस्तुत की। सभी ने सामूहिक रूप से ‘एक पेड़ – एक जीवन’ का संकल्प दोहराया। निदेशक डॉ. किशोर कुमार पंत, प्रबंधक चंचल सिंह और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना की, जिसे स्थानीय समुदाय के लिए भी प्रेरणादायक बताया। यह आयोजन पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील समाज बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›