Report by : CWN Desk
Published at :
सक्षम के स्थापना दिवस पर कुष्ठ आश्रम में लगेगा नेत्र जांच शिविर, दिव्यांग मित्र बनाने पर जोर

हरिद्वार। समदृष्टि क्षमताविकास एवं अनुसंधान मंडल (सक्षम) के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में 20 जून को चंडी घाट स्थित चिदानंद आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अवसर पर कुष्ठ आश्रम में नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया जाएगा, जिसमें हंस फाउंडेशन का सहयोग लिया जा रहा है। शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा।

गुरुवार को गंभीर मार्ग स्थित आरएसएस कार्यालय में सक्षम की बैठक आयोजित हुई, जिसमें मुख्य अतिथि सक्षम के प्रांत उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार प्रभारी अतुल गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा से अवगत कराया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उनका तुलसी माला पहनाकर स्वागत किया।

अतुल गुप्ता ने कहा कि सक्षम संगठन सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य निरंतर कर रहा है। उन्होंने जोर दिया कि सक्षम के प्रत्येक कार्यकर्ता को ज्यादा से ज्यादा दिव्यांग मित्र बनाने चाहिए ताकि वे स्वयं सेवा भाव से दिव्यांगजनों के कार्य में मददगार बन सकें। गुप्ता ने कहा, “दिव्यांग मित्र सफलता की धुरी है। यदि हम स्वयं दिव्यांग मित्र बनेंगे तो अन्य लोग भी प्रेरित होंगे, जिससे दिव्यांगजनों को हर क्षेत्र में सहयोग मिल सकेगा।”

जिलाध्यक्ष संदीप अरोड़ा ने बताया कि स्थापना दिवस के इस कार्यक्रम में सक्षम कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मूक-बधिर एवं अन्य दिव्यांगजन भी शामिल होंगे। जिला सचिव मानसी मिश्रा ने कहा कि इस शिविर से कुष्ठ रोगियों को नि:शुल्क नेत्र जांच सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर जिला संरक्षक विनोद कुमार शर्मा, विमलेश गौर समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। सक्षम के इस पहल से सामाजिक स्तर पर एक नए बदलाव की आशा है, जिससे दिव्यांगजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›