Report by : CWN Desk
Published at :
पंतनगर: बॉक्सिंग ट्रेनर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

पंतनगर। मुक्केबाजी का प्रशिक्षण ले रहीं कक्षा सात और आठ की दो छात्राओं ने अपने बॉक्सिंग ट्रेनर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्राओं के परिजनों की तहरीर पर पंतनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक को सौंपी है।

घटना का खुलासा तब हुआ जब छात्राएं कुछ दिनों से मुक्केबाजी की कक्षा में जाने से इनकार करने लगीं। शुक्रवार को परिजनों के बार-बार पूछने पर दोनों बेटियां रोने लगीं और आपबीती सुनाई। छात्राओं ने बताया कि न्यू शक्ति विहार, छतरपुर में मुक्केबाजी सिखा रहे कोच चंद्रशेखर जोशी ने 28 अप्रैल को उनके साथ अनुचित हरकत की थी। यह पहली बार नहीं था, इससे पहले भी वह इस प्रकार की हरकतें कर चुका है। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो कोच ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी, जिससे वे भयभीत और मानसिक रूप से तनाव में हैं।

छात्राओं के पिता तुरंत पंतनगर थाने पहुंचे और पूरी घटना की तहरीर दी। थाना प्रभारी सुंदरम शर्मा ने बताया कि शुक्रवार रात आरोपी कोच के खिलाफ पोक्सो एक्ट और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच महिला उपनिरीक्षक नीलम मेहता को सौंपी गई है।

पुलिस ने आश्वस्त किया है कि मामले में निष्पक्ष जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से इलाके में आक्रोश है और लोग बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त कर रहे हैं। वहीं, छात्राओं के परिवार का कहना है कि वे अब बच्चियों को लेकर बहुत चिंतित हैं और उन्हें न्याय की उम्मीद है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›