Report by : CWN Desk
Published at :
लापरवाही : देहरादून में रसौली के आपरेशन के बाद महिला के पेट में छोड़ा पट्टी का गुच्छा

रायवाला। रायवाला स्थित एक निजी अस्पताल में महिला के आपरेशन के दौरान पेट में पट्टी का गुच्छा छोड़ देने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित महिला के पति ने चिकित्सक के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।
ढालवाला टिहरी गढ़वाल निवासी सोबन सिंह थलवाल ने बताया कि बीते वर्ष 11 अक्टूबर को पत्नी का रायवाला के प्रतीतनगर स्थित अस्पताल में रसौली का आपरेशन किया गया। आपरेशन के कुछ दिन बाद ही पेट फूलने लगा। उन्होंने फिर से चिकित्सक को दिखाया तो दवा से राहत मिली। लेकिन करीब आठ महीने बाद फिर से तेज दर्द होने लगा।
तब उन्होंने ऋषिकेश स्थित एक निजी अस्पताल में जांच कराई तो पता चला कि पेट में पट्टी का गुच्छा पड़ा हुआ है। जो कि पूर्व में कराए गए रसौली के आपरेशन के दौरान संबंधित चिकित्सक की लापरवाही से पेट में छूटा है। सोबन का आरोप है कि चिकित्सक ने लापरवाही बरती जिसकी वजह से पत्नी के पेट में संक्रमण फैल गया है और जान को गंभीर खतरा बना हुआ है। मामले में प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जल्द विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›