देहरादून
पीएम मोदी का देहरादून में मेगा रोड शो: दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे का करेंगे उद्घाटन, रूट प्लान जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को देहरादून आ रहे हैं। क्लेमनटाउन से गढ़ी कैंट तक भव्य रोड शो और दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन होगा। पढ़ें पूरी खबर।
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह न केवल देवभूमि को दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे की बड़ी सौगात देंगे, बल्कि शहर में एक भव्य रोड शो भी करेंगे। भाजपा संगठन और जिला प्रशासन ने इस दौरे को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। गढ़ी कैंट स्थित महिंद्रा ग्राउंड में होने वाली जनसभा में लगभग 40 हजार लोगों के जुटने का अनुमान है।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री सबसे पहले दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे और आशारोड़ी स्थित डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद उनका काफिला सड़क मार्ग से क्लेमनटाउन, आईएसबीटी, निरंजनपुर मंडी और जीएमएस रोड होते हुए गढ़ी कैंट पहुंचेगा। इस पूरे रूट पर जगह-जगह मानव शृंखलाएं बनाकर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया जाएगा और उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी दिखाई देगी।
पीएम के दौरे को देखते हुए देहरादून पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया है। सहारनपुर, रुड़की और दिल्ली जाने वाले प्रमुख मार्गों में बदलाव किया गया है ताकि आम जनता को जाम से न जूझना पड़े। जिला प्रशासन ने पूरे रूट को 13 जोन में बांटकर जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए हैं। डीएम सविन बंसल ने सभा स्थल पर पेयजल, पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कड़े निर्देश जारी किए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने भी पीएम के दौरे को लेकर विशेष सतर्कता बरती है। दून अस्पताल में एक ‘सेफ हाउस’ तैयार किया गया है और वीआईपी वार्ड के पांच कमरे रिजर्व कर दिए गए हैं। सीएमओ डॉ. मनोज शर्मा ने डॉक्टरों और स्टाफ की विशेष टीमें तैनात की हैं। गढ़ी कैंट के महेंद्र ग्राउंड पर पंडाल और मोबाइल शौचालय जैसी सुविधाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है ताकि आने वाली जनता को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
