देहरादून
देहरादून में अर्जुन हत्याकांड के शूटरों के साथ पुलिस मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी गोली
देहरादून पुलिस की बड़ी कार्रवाई! कारोबारी अर्जुन हत्याकांड के शूटर और सहयोगी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार। रायपुर और लालतप्पर में हुई क्रॉस फायरिंग। बदमाशों के पैर में लगी गोली।
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में चर्चित कारोबारी अर्जुन हत्याकांड के आरोपियों के साथ आज तड़के पुलिस की दो अलग-अलग मुठभेड़ हुई। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर शहर से लेकर देहात तक चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। इन मुठभेड़ों में हत्याकांड के मुख्य शूटर और उसके सहयोगी के पैरों में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहली मुठभेड़ रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल में हुई। यहाँ नाकेबंदी के दौरान एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं दूसरी घटना डोईवाला के लालतप्पर क्षेत्र की है। यहाँ स्कूटी सवार बदमाश ने पुलिस के रोकने पर रुकने के बजाय एक खंडहर फैक्ट्री में घुसकर गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिसमें बदमाश घायल हो गया।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून तुरंत कोरोनेशन चिकित्सालय पहुंचे, जहाँ बदमाशों का उपचार चल रहा है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के पास से दो देशी तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। प्राथमिक पूछताछ में बदमाशों ने स्वीकार किया है कि उन्होंने ही तिब्बती मार्केट के सामने अर्जुन की हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसएसपी ने सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा कड़ी कर दी है। पुलिस अब इन बदमाशों के अन्य नेटवर्क और हत्या के पीछे की मुख्य साजिश का पता लगाने में जुटी है। इस कार्रवाई से अपराधियों में खौफ का माहौल है और जनता ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।
