Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में नवजात शिशु का शव मिलने से हड़कंप, पुलिस जांच में जुटी

रामनगर। ग्राम पूछड़ी की फौजी कॉलोनी स्थित कोसी नदी के पास शनिवार सुबह एक नवजात शिशु का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। राहगीरों ने जब नदी किनारे शव देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर एसएसआई मनोज नयाल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया।

नवजात एक लड़की है, जिसे शिनाख्त के लिए रामनगर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे तक सुरक्षित रखा गया है। एसएसआई नयाल ने बताया कि यदि इस दौरान कोई परिजन सामने नहीं आता है तो नियमानुसार शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि नवजात का शव शुक्रवार की रात किसी ने नदी में फेंका है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ-साथ स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि मामले की सच्चाई सामने आ सके।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नवजात की मौत जन्म के समय हुई या उसे जानबूझकर फेंका गया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›