हल्द्वानी
प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध मौत: टांडा जंगल से मिला शव, आत्महत्या या हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
हल्द्वानी। हल्द्वानी में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय कौशल सती पुत्र स्व. गोविंद बल्लभ सती निवासी जुगानोली चौखुटिया, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। कौशल पिछले पांच साल से जज फार्म हल्द्वानी में अपनी पत्नी, मां और बेटे के साथ रह रहे थे और प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। सोमवार को दोपहर 12 बजे वह घर से निकले थे लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे, जिससे परिजनों को चिंता हुई।
कौशल की मां उस वक्त गांव गई थीं जबकि पत्नी और बेटा घर में ही थे। जब देर रात तक कौशल का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। रातभर तलाशी अभियान चलाने के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला। मंगलवार सुबह कौशल का बेटा और अन्य लोग मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर टांडा जंगल पहुंचे, जहां एस-मोड के पास उनकी स्कूटी खड़ी मिली। स्कूटी से करीब 50 मीटर भीतर कौशल का शव पड़ा मिला।
कोतवाल राजेश कुमार यादव ने बताया कि मृतक के चेहरे का रंग काला पड़ा हुआ था। शव के पास एक पानी की बोतल भी मिली, जिसमें कीटनाशक था। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। फॉरेसिंक टीम ने मिट्टी, खून, कपड़े और बोतल के अंदर के कीटनाशक के नमूने एकत्र कर जांच के लिए रुद्रपुर भेज दिए हैं।
हालांकि, पुलिस हत्या के एंगल से भी जांच कर रही है। चर्चा है कि मृतक के मुंह और सिर पर चोट के निशान थे, लेकिन पुलिस ने इस बात का खंडन किया है और कहा कि शव पर कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस का कहना है कि मृतक का फोन रात करीब 12 बजे के आसपास कुछ देर के लिए ऑन हुआ था और उस दौरान परिजन कॉल करने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद फोन दोबारा बंद हो गया। पुलिस लेनदेन समेत हर एंगल से जांच कर रही है।
इस घटना ने शहर में दहशत का माहौल बना दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेसिंक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई साजिश छिपी है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।
