Connect with us

देहरादून

देहरादून के मांडूवाला में सनसनी: बोरे में मिला युवती का सड़ा-गला शव, हत्या की आशंका

Published

on

खबर शेयर करें 👉

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडूवाला में बोरे में बंद महिला का शव मिलने से हड़कंप। 6 दिन पुरानी लाश और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस।

देहरादून: राजधानी देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मांडूवाला इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे जंगल में एक युवती की लाश बरामद हुई। शव को बड़ी बेरहमी से एक कट्टे (बोरे) में बंद कर फेंका गया था। स्थानीय लोगों को जब इलाके में तीव्र दुर्गंध महसूस हुई, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरा खोला, तो भीतर का नजारा देखकर हर कोई दंग रह गया।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक महिला की उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव काफी हद तक सड़ चुका है, जिससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह करीब छह-सात दिन पुराना है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि हत्यारों ने साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव के घुटने मोड़कर उसे बोरे में ठूंस दिया था। फिलहाल, पुलिस इस मामले को प्रथम दृष्टया सुनियोजित हत्या मानकर चल रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। शव की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है, जिसे देखते हुए जिले के सभी थानों से पिछले एक हफ्ते की गुमशुदगी की रिपोर्ट मंगवाई गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें मांडूवाला और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।
इस घटना से मांडूवाला और प्रेमनगर क्षेत्र के निवासियों में डर का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों और समय का पता चल सकेगा। फिलहाल, शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। देहरादून पुलिस ने जनता से भी अपील की है कि यदि कोई जानकारी हो तो तुरंत साझा करें।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement