Report by : CWN Desk
Published at :
ऑनलाइन निवेश के नाम पर रुड़की महिला से ठगे गए 1.43 करोड़ रुपये

रुड़की: ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। रुड़की की एक महिला को साइबर ठगों ने एक करोड़ 43 लाख रुपये का चूना लगा दिया। महिला को मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ठगों ने उससे लाखों रुपये ठग लिए।
कैसे हुआ ठगी का खेल:
रुड़की निवासी मरीना ने शिकायत दर्ज कराई कि जुलाई 2024 में क्वांटम कैपिटल नामक कंपनी के नाम से दर्ज व्हाट्सएप नंबर से साइबर ठगों ने उनसे संपर्क किया। खुद को इंदौर निवासी बताने वाले पवन दुबे ने 12 हजार रुपये का निवेश करने पर 16 हजार रुपये लौटाने की बात कही और रुपये लौटाए भी गए। इससे महिला को उस पर भरोसा हो गया। इसके बाद पवन दुबे ने 18 लाख रुपये निवेश करने पर 50 प्रतिशत लाभ की बात कही।
महिला ने 18 लाख रुपये जमा कर दिए। इसके बाद उनके खाते में 27 लाख रुपये दिखे। इसके बाद विभिन्न किश्तों में महिला से 35 लाख रुपये का और निवेश कराया गया। पवन दुबे ने उसे यह कहकर और रकम मांगी कि रकम की निकासी के लिए टैक्स और अन्य शुल्क भी देना होगा। अपनी धनराशि निकालने के लिए महिला धनरशि जमा करती रही। धीरे-धीरे ठगों ने महिला से कुल एक करोड़ 43 लाख रुपये जमा करवा लिए। इसके बाद भी महिला अपनी धनराशि नहीं निकाल पाई तो उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
सीबीआई जांच की धमकी:
महिला का आरोप है कि क्यूयू मीडिया के एजेंट हेलन मेहता, तनिशा ठाकुर, रोहन और अभिनव नाम के व्यक्ति उनके संपर्क में थे। वह टेलीग्राम चैनल पर लगातार उन्हें रुपये जमा करने के लिए मजबूर करते रहे। यहां तक कि एक बार उन्हें सीबीआई जांच और हवाला मामले में फंसाने की धमकी भी दी गई। इस मामले में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
क्या करें सावधान रहने के लिए:
* अज्ञात नंबरों पर न दें जानकारी: किसी भी अज्ञात नंबर से आने वाले कॉल पर अपनी व्यक्तिगत जानकारी या बैंक डिटेल्स साझा न करें।
* ऑनलाइन निवेश से पहले करें रिसर्च: किसी भी कंपनी में निवेश करने से पहले उसकी अच्छे से जांच कर लें।
* लालच में न आएं: अगर कोई आपको मोटा मुनाफा देने का झांसा दे रहा है तो सावधान हो जाएं।
* पुलिस में करें शिकायत: अगर आप ठगी का शिकार हो जाते हैं तो तुरंत पुलिस में शिकायत करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›