Connect with us

देहरादून

देहरादून एयरपोर्ट पर 232 करोड़ का घोटाला, एएआई का वरिष्ठ प्रबंधक गिरफ्तार

Published

on

खबर शेयर करें 👉

नई दिल्ली। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के वित्तीय खातों में बड़ा घोटाला सामने आया है। देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर तैनात रहे एएआई के वरिष्ठ प्रबंधक (वित्त एवं खाते) राहुल विजय को सीबीआई ने 232 करोड़ रुपये गबन करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। यह घोटाला वर्ष 2019-20 से 2022-23 के बीच किया गया।
एएआई के वरिष्ठ प्रबंधक (वित्त) चंद्रकांत पी ने 18 अगस्त को सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जौलीग्रांट एयरपोर्ट के वित्तीय खातों की आंतरिक जांच में गंभीर गड़बड़ियां उजागर हुईं। जांच में सामने आया कि आरोपी ने प्राधिकरण के वैध वर्क ऑर्डर में हेरफेर कर नए फर्जी ऑर्डर तैयार किए। असली ऑर्डर की राशि तो ठेकेदारों को दी गई, लेकिन फर्जी ऑर्डर की रकम उसने अपने खातों में ट्रांसफर कर ली।
इतना ही नहीं, आरोपी ने ऐसी संपत्तियों की खरीद भी कागजों पर दिखाई जो असल में मौजूद ही नहीं थीं। इनकी भुगतान राशि भी उसने अपने निजी खातों में डाल दी। गौरतलब है कि राहुल विजय को प्राधिकरण के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया खाते का प्राधिकृत हस्ताक्षरकर्ता बनाया गया था। इसी अधिकार का दुरुपयोग करते हुए उसने तीन अलग-अलग आईडी तैयार कीं।
शुरुआत में आरोपी ने छोटी-छोटी रकम ट्रांसफर कर सिस्टम की कमजोरियों की जांच की। जब कोई आपत्ति नहीं उठी तो उसने धीरे-धीरे करोड़ों रुपये अपने खातों में भेजना शुरू कर दिया। इस तरह तीन साल में वह 232 करोड़ रुपये का गबन करने में सफल रहा।
सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर विस्तृत पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इस बात की भी जांच की जा रही है कि इतने बड़े घोटाले में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement