देहरादून
देहरादून में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़: कोतवाली कैंट में घर के अंदर चल रहा था देह व्यापार, 3 गिरफ्तार
देहरादून पुलिस ने कोतवाली कैंट क्षेत्र में चल रहे एक बड़े अनैतिक देह व्यापार गिरोह का पर्दाफाश किया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल के निर्देश पर हुई छापेमारी में 3 आरोपी गिरफ्तार।
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के एक बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश किया है। कोतवाली कैंट क्षेत्र के बिंदाल इलाके में चल रहे इस गिरोह पर एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल की गोपनीय सूचना के बाद बड़ी कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने छापेमारी के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीन पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है।
एसएसपी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी मसूरी के नेतृत्व में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और कैंट पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई थी। टीम ने 16 मार्च की रात गांधी नगर स्थित रघुनाथ मंदिर के पास एक मकान में दबिश दी। छापेमारी के दौरान पुलिस को घर के अंदर से आपत्तिजनक सामग्री और कई संदिग्ध लोग मिले, जिसके बाद तुरंत गिरफ्तारी की प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। गिरोह की मुख्य सरगना रानी देवी अपने साथी आशीष पांडे के साथ मिलकर यह अवैध धंधा चला रही थी। ये लोग बाहरी राज्यों से गरीब महिलाओं को नौकरी का झांसा देकर देहरादून बुलाते थे। इसके बाद उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर उन्हें जबरन देह व्यापार के दलदल में धकेल दिया जाता था।
आरोपी ग्राहकों को लुभाने के लिए व्हाट्सएप का सहारा लेते थे। वे महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को भेजते थे और फोन पर ही रेट और जगह तय की जाती थी। आरोपी आशीष पांडे महिलाओं को ग्राहकों के ठिकाने तक पहुंचाने का काम करता था और बदले में मोटा कमीशन वसूलता था। पुलिस ने रानी देवी, आशीष कुमार पांडे और फुलो खान को जेल भेज दिया है।
