Report by : कालू वर्मा
Published at :
कांवड़ मेले को लेकर इंटरस्टेट समन्वय बैठक सम्पन्न, सुरक्षा और समन्वय पर रहा विशेष जोर

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने को लेकर मुख्य सचिव आनन्द वर्धन की अध्यक्षता में अंतरराज्यीय समन्वय समिति की बैठक सीसीआर सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान के उच्चाधिकारी ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से सम्मिलित हुए।

मुख्य सचिव ने कांवड़ मेले को आस्था और श्रद्धा का विशाल पर्व बताते हुए इसे निर्विघ्न संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने रियल टाइम सूचना आदान-प्रदान, सुरक्षा इनपुट्स साझा करने और तकनीकी संसाधनों के अधिकतम उपयोग पर जोर दिया। साथ ही, भविष्य में होने वाले कुंभ मेले की दृष्टि से भी इन तैयारियों को महत्वपूर्ण बताया।

डीजीपी दीपम सेठ ने अफवाहों पर नियंत्रण, प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती और ग्रामीण क्षेत्रों में कांवड़ नियमों की जानकारी पहुंचाने की बात कही। उन्होंने इंटरस्टेट समन्वय को प्रभावी बनाने पर बल दिया।

सचिव गृह शैलेश बगौली ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात, सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने यात्रा मार्ग, सोशल मीडिया निगरानी और पार्किंग व्यवस्था का प्रस्तुतीकरण दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि 10 फीट से ऊंची कांवड़ प्रतिबंधित रहेगी, शराब-मांस पर SOP का सख्ती से पालन हो, और अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। डीजे संचालकों को नोटिस देकर बाउंड डाउन किया जाएगा। पुलिस कर्मियों का आपसी आदान-प्रदान भी सुनिश्चित किया जाएगा।

बैठक में पांचों राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›