Report by : CWN Desk
Published at :
अवैध हथियार सप्लाई पर एसटीएफ का बड़ा प्रहार, रुद्रपुर से तस्कर गिरफ्तार; 8 पिस्टल बरामद

रुद्रपुर। उत्तराखंड में पंचायत चुनावों से पहले कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों के तहत स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। रुद्रपुर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान में एसटीएफ ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर खजान सिंह (24 वर्ष), निवासी बागवाला, जिला उधम सिंह नगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 8 अवैध ऑटोमैटिक पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई हैं।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पंचायत चुनावों को ध्यान में रखते हुए अवैध हथियार तस्करी पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। खुफिया सूचना के आधार पर बुधवार-गुरुवार की मध्य रात्रि को कुमाऊं यूनिट और रुद्रपुर पुलिस की टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर यह गिरफ्तारी की।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह मध्यप्रदेश के बुरहानपुर क्षेत्र से हथियार लाकर उत्तराखंड और उत्तरप्रदेश में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार, खजान सिंह पूर्व में भी लूट और हथियार तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है। इस बार वह मध्यप्रदेश के कुख्यात हथियार तस्कर सरताज से पिस्टल की खेप लाया था।
एसटीएफ अब इस गिरोह से जुड़े चार अन्य सक्रिय तस्करों की तलाश कर रही है। जुलाई माह में अब तक एसटीएफ 15 अवैध पिस्टल और कारतूसों के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश पर एसटीएफ राज्य में हथियार तस्करों और गैंगस्टर नेटवर्क के खिलाफ अभियान चला रही है। चुनावों से पहले यह कार्रवाई राज्य की सुरक्षा के लिहाज से बेहद अहम मानी जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›