Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

बागेश्वर में मवेशी चराने गई महिला की संदिग्ध मौत, गुलदार के हमले की आशंका

Published

on

खबर शेयर करें 👉

बागेश्वर के कांडा तहसील में जंगल गई 48 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत। सिर और चेहरे पर मिले चोट के निशान, गुलदार के हमले की आशंका से दहशत।

बागेश्वर। कांडा तहसील क्षेत्र के बाझीरौट, खड़खेत गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जंगल में मवेशी चराने गई 48 वर्षीय कमला देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, बाझीरौट निवासी कमला देवी अपने पति पूरन राम और गांव के अन्य लोगों के साथ जंगल में मवेशी चराने गई थीं। इसी दौरान अचानक कमला देवी की चीख सुनाई दी। पास में मौजूद उनके पति और एक अन्य युवक जब मौके पर पहुंचे, तो महिला लहूलुहान हालत में पड़ी मिली।
प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि उन्होंने घटना के बाद मौके से एक गुलदार को झाड़ियों की तरफ भागते हुए देखा। हालांकि, उस समय क्षेत्र में तेज बारिश और घना कोहरा होने के कारण गुलदार तुरंत ओझल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी बलवंत कंबोज के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला गुलदार के हमले का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस दुखद घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका अपने पीछे पति और चार बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गई हैं। वहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार को पकड़ने की मांग की है।

Select Language

Advertisement