Report by : CWN Desk
Published at :
‘एक पौधा माँ के नाम’ पहल को टैक्स बार एसोसिएशन ने दी मंजूरी, पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान का संदेश

हल्द्वानी। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ की गई पर्यावरणीय पहल “एक पौधा माँ के नाम” को हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन ने अपने स्तर पर आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। एसोसिएशन की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसके तहत प्रत्येक अधिवक्ता अपनी माँ या मातृतुल्य महिला के सम्मान में एक पौधा लगाएगा और उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी स्वयं निभाएगा।

यह पहल न केवल मातृभाव को सम्मानित करती है बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक सार्थक कदम है। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन अध्यक्ष एडवोकेट एन. के. जोशी ने की। बैठक में सचिव हिमांशु कोठारी, उपाध्यक्ष अब्दुल कलाम, कोषाध्यक्ष दिनेश चंदौला, सह कोषाध्यक्ष पवन प्रीत सेठी, पूर्व अध्यक्ष संजय पांडेय, वरिष्ठ अधिवक्ता विनय टंडन, आई. पी. सिंह, सुमित गुप्ता और मीडिया प्रभारी सुनील पाठक सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे।

सभी सदस्यों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे माँ और धरती माँ के प्रति सम्मान और कर्तव्य भावना का प्रतीक बताया। यह भी तय किया गया कि भविष्य में बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित होने वाले सभी प्रमुख आयोजनों में पौधारोपण को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा।

हल्द्वानी टैक्स बार एसोसिएशन ने नागरिकों और अधिवक्ताओं से अपील की है कि वे इस जन-आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लें और एक पौधा माँ के नाम लगाकर न केवल पर्यावरण को संजोएं बल्कि अपनी भावनाओं को भी प्रकृति से जोड़ें।

एसोसिएशन का मानना है कि यह प्रयास मातृभाव और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देने वाला अनूठा अभियान है, जिससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और धरती को हरा-भरा बनाने में योगदान मिलेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›