Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में सीपीयू के सिपाही पर कार चढ़ाकर कुचलने का प्रयास, 30 मीटर दूर घसीटा

देहरादून। दर्शनलाल चौक पर यातायात व्यवस्था संभाल रहे सीपीयू के सिपाही पर चालक ने कार चढ़ाने का प्रयास किया। सिपाही ने कार के बोनट पर छलांग लगाते हुए वाइपर पकड़ लिए और करीब 30 मीटर दूर तक वह इसी स्थिति में लटके रहे।
आरोपित चालक ने सिपाही को नीचे गिराने का प्रयास किया। इस बीच अन्य वाहन चालकों ने आरोपित को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सिपाही का जिला अस्पताल (कोरोनेशन) में मेडिकल कराया गया है। उन्हें काफी चोंटे आई हैं। आरोपित कार चालक के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना शनिवार शाम करीब चार बजे की है। दर्शनलाल चौक पर सीपीयू के दारोगा संजीव त्यागी व सिपाही केसर मुस्तफा जैदी यातायात का संचालन कर रहे थे। घंटाघर की तरफ से काले रंग की कार आई और चौक के बीचोंबीच खड़ी हो गई। सिपाही केसर मुस्तफा जैदी ने चालक को कार पीछे करने को कहा तो उसने गति बढ़ा दी।
सिपाही ने खतरे को भांपते हुए कार के बोनट पर छलांग लगा दी और वाइपर पकड़ लिए। इसके बाद आरोपित चालक सिपाही को नीचे गिराने के प्रयास में लहराते और बीच-बीच में ब्रेक मारते हुए कार को आगे ले गया। करीब 30 मीटर आगे अन्य वाहन चालकों ने उसे पकड़ लिया और पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपित की पहचान शादाब निवासी ब्रह्मपुरी, पटेलनगर के रूप में हुई है, जो निरंजनपुर सब्जी मंडी में फल की दुकान चलाता है।
दारोगा संजीव त्यागी ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह शुक्रवार को मंगलौर जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम को उसने अपनी किसी दोस्त को बुलाया और उसके साथ मसूरी चलाया गया। रात को मसूरी में रहने के बाद शनिवार शाम को देहरादून लौट रहा था। कार में उसके साथ युवती भी बैठी थी। पुलिस उससे पूछताछ न करे, इसी वजह से उसने कार को दौड़ा दिया।
सिपाही केसर मुस्तफा जैदी के हाथ, कोहनी व सीने में चोट आई है। चिकित्सक ने उन्हें दो दिन आराम करने की सलाह दी है। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद कोई भी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, जिससे घायल सिपाही के स्वजन में रोष है। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस महानिदेशक से करने की बात कही है। स्वजन ने कहा कि सिपाही ड्यूटी के दौरान घायल हुआ है, इसके बावजूद घटनास्थल व अस्पताल में कोई अधिकारी नहीं पहुंचा। यहां तक कि सीपीयू के इंचार्ज भी हालचाल जानने के लिए नहीं पहुंचे।
शहर कोतवाल चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपित शादाब के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, सरकारी कार्यों में बाधा डालने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›