Report by : CWN Desk
Published at :
सूटकेस में मिली लाश: लिव इन में रह रहे प्रेमी ने प्रेमिका को मार डाला

प्रेमी ने शव को देहरादून के जंगल में ठिकाने लगाया, आरोपी गिरफ्तार
देहरादून। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती की उसी के प्रेमी ने बेरहमी से गला दबाकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपित शव को एक सूटकेस में बंद करके आशारोड़ी के जंगल मे फेंककर फरार हो गया। तीन माह बाद हत्या के मामले से पर्दा उठा। पुलिस ने आरोपित राशिद निवासी बागोवाली थाना नई मण्डी जिला मुज्जफरनगर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया है।
29 जनवरी 2024 को शहरूल निवासी जमालपुरकला थाना कनखल जिला हरिद्वार ने अपनी बेटी शहनूर के गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। बताया कि उनकी बेटी देहरादून के संस्कृति विहार कॉलोनी में रहकर ब्यूटी पार्लर का काम करती थी जोकि 26 दिसंबर 2023 से लापता है। इस मामले में पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करते हुए युवती की तलाश शुरू की। जांच में पुलिस को पता लगा कि राशिद नाम का युवक युवती के साथ लिव-इन में रहता था जोकि फरार चल रहा है।
30 मार्च को पुलिस ने आरोपित को संस्कृत विहार कॉलोनी से गिरफ्तार किया। पूछताछ में राशिद ने बताया कि वह अपने गांव बागोवाली में मोटरसाइकिल रिपेयरिंग का काम करता था। वर्ष 2017-18 में उसकी जान पहचान इंटरनेट मीडिया के माध्यम से शहनूर से हुई। इसके बाद वह लगातार एक दूसरे से संपर्क में थे।
सितंबर 2023 में आरोपित शहनूर से मिलने देहरादून आया और दोनों आईएसबीटी के पास एक कमरा लेकर रहने लगे। 26 दिसंबर की रात को राशिद देरी से घर पहुंचा तो इसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया और आरोपित ने शहनूर का गला दबाकर हत्या कर दी।
इसके बाद आरोपित ने शहनूर के एटीएम कार्ड से 17000 रुपये निकाले व लालपुर स्थित विशाल मेगा मार्ट से एक बड़ा सूटकेस खरीदकर लाया। उसने युवती के शव को सूटकेस में डाला और स्कूटी की पिछली सीट में बांधकर आशारोड़ी के जंगल में फेंककर फरार हो गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›