Report by : Paras Bisht
Published at :
रामनगर में फंदे में लटकी मिली कोशोरी, भीमताल में होटल में ठहरे पर्यटक की मौत

हल्द्वानी। शिवलालपुर मंडी परिसर में एक किशोरी संदिग्ध हालात में दुपट्टे से लटकी मिली। जबकि भीमताल एक होटल में रुके पर्यटक की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि शिवल्लपुर निवासी किशोरी के परिजन दो दिन पहले पीलीभीत गए हुए थे। किशोरी अपने बड़े भाई के साथ घर पर थी।
कोतवाल अरुण सैनी ने बताया शनिवार सुबह शिवलालपुर स्थित मंडी समिति परिसर में बने आवासीय कमरे में खुशी राम की 12 वर्ष की बेटी महक कश्यप का शव दुपट्टे से लटका मिला। कोतवाल के अनुसार किशोरी के बड़े भाई प्रियांशु ने बताया सुबह आठ बजे वह किसी काम से घर से बाहर गया था। माता-पिता और एक बहन दो दिन पहले मौसी की मौत होने पर पीलीभीत गए थे। जब शनिवार सुबह वह घर से जा रहा था तो उसकी बहन खाना बना रही थी। कुछ ही देर बाद पड़ोस में रहने वाले दोस्त ने मोबाइल पर बहन के दुपट्टे से लटके होने की जानकारी दी। वहीं घर पहुंचकर शव नीचे उतारने के बाद इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाल सैनी ने बताया मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी।
वहीं, दिल्ली से परिवार के साथ भीमताल घूमने आए एक पर्यटक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
एसओ विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि गोरख पार्क नवदुर्गा मंदिर नई दिल्ली निवासी रोहित कंसल (40) शुक्रवार को पत्नी बबली कंसल और दो बच्चों के साथ भीमताल घूमने आए थे। ठहरने के लिए उन्होंने भीमताल के एक होटल में कमरा लिया था। बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे टीवी देखते समय रोहित को घबराहट और सीने में दर्द की शिकायत हुई। होटल के बरामदे में आते ही वह एकाएक अचेत होकर गिर गए। घटना की जानकारी होटल स्टॉफ को दी गई। होटल स्टाफ ने उन्हें सीएचसी भीमताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने रोहित को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी रेफर कर दिया। यहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसओ विमल कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›