Report by : CWN Desk
Published at :
लालकुंआ में बच्ची को किया अगवा, ग्रामीणों की सतर्कता से आरोपी पकड़ा गया

लालकुआं। बिंदुखत्ता चौकी क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक साइकिल सवार युवक ने छह वर्षीय बच्ची को टॉफी का लालच देकर अगवा कर लिया। बच्ची घर के पास स्थित दुकान से कुछ सामान लेने गई थी, तभी मौका पाकर युवक ने उसे अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। गनीमत रही कि बच्ची की मां की सजगता और ग्रामीणों की तत्परता से आरोपी को घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर धर दबोचा गया।

घटना के अनुसार, बिंदुखत्ता क्षेत्र के एक कृषक की छह वर्षीय बेटी घर के पास की दुकान पर गई थी। वहीं से गुजर रहे साइकिल सवार युवक ने उसे टॉफी देने का लालच दिया और अपने साथ ले गया। चूंकि युवक शांत भाव से बच्ची को ले जा रहा था, राहगीरों और स्थानीय लोगों ने उसे बच्ची का कोई रिश्तेदार समझकर कोई संदेह नहीं जताया।

बच्ची के घर देर तक न लौटने पर उसकी मां दुकान पर पहुंची, जहां से उसे जानकारी मिली कि कोई युवक बच्ची को अपने साथ ले गया है। मां के शोर मचाने पर गांव के लोग एकत्रित हो गए और सामूहिक रूप से खोजबीन शुरू की गई। करीब दो किलोमीटर दूर संजय नगर प्रथम क्षेत्र में बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया और आरोपी को वहीं पकड़ लिया गया।

सूचना पर बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी सोमेंद्र सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान हिमांशु जोशी निवासी राजीव नगर बोरिंगपट्टा के रूप में हुई है। बच्ची की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है। बच्ची की चिकित्सकीय जांच भी करवाई जा रही है।

घटना के बाद आरोपी के परिजन भी मौके पर पहुंचे और उसे छोड़ने की गुहार लगाई, लेकिन पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उनकी बात नहीं मानी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›