Report by : CWN Desk
Published at :
तिहाड़ जेल में बनाई लूट की योजना, देहरादून आकर एक घर में महिला और नौकरानी को बंधक बनाकर कर दी घटना

पहले किया लूट का प्रयास, फिर नौकर को साथ में मिलाया, पुलिस ने किया खुलासा
देहरादून। डालनवाला क्षेत्र में लूट करने वाले चार बदमाशों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों ने घर के नौकर को अपने साथ मिलाया था। लूट की सारी योजना उन्होंने तिहाड़ में बनाई थी। फरार चल रहे गिरोह की तीन अन्य बदमाशों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों में हुई बड़ी लूटपाट व डकैती की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं।
मंगलवार को पत्रकारवार्ता के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि 24 मई को प्रणव सोईन निवासी चंद्रलोक कालोनी, डालनवाला ने डालनवाला कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी अनुपस्थिति में तीन अज्ञात बदमाश उनके घर में घुसे और उनकी माताजी सुमिति सोईन व नौकरानी गीता के हाथ बांधकर लाकर में रखी नकदी व मोबाइल फोन लूट कर फरार हो गए।
डालनवाला कोतवाल राकेश गुसांई ने घर व आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसमें चार संदिग्ध दिखाई गए। जांच में सामने आया कि फुटेज में दिखने वाले व्यक्ति दिल्ली प्रशांत विहार क्षेत्र के आसपास रहते हैं।
सूचना के आधार पर एसएसआइ प्रदीप नेगी, चौकी प्रभारी हाथीबड़कला प्रवीण सिंह पुंडीर और एसओजी के उप निरीक्षक लोकेंद्र बहुगुणा की देखरेख में एक टीम दिल्ली रवाना की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दिल्ली से दो आरोपित राजेश कुमार बंसल उर्फ मदन निवासी शुक्र बाजार विजय विहार फेज-01 रोहिणी नई दिल्ली व रिंकू कुमार उर्फ हरीश निवासी सोनिया विहार खजूरी नई दिल्ली को लूटे गए दो मोबाइल फोन व लूटी गई नकदी 1100 रुपये सहित गिरफ्तार किया।
पूछताछ के दौरान आरोपित राजेश कुमार बंसल उर्फ मदन ने बताया कि तिहाड़ जेल में बंद होने के दौरान उसने रिंकू, प्रेम व मोहित के साथ दिसंबर 2023 में देहरादून में डकैती की योजना बनाई।
जमानत पर छूटने के बाद उनकी मुलाकात सरधना मेरठ निवासी सागर सोम से हुई, जिसने उन्हें बताया कि चंद्रलोक कालोनी देहरादून निवासी महिला सुमिति सोईन की कंस्ट्रक्शन साइट पर काम करता था। उसके पास काफी धनराशि है और महिला अपने बेटे के साथ घर पर अकेली रहती है। उसने यह भी बताया कि कंस्ट्रक्शन साइट पर काम के दौरान महिला ने हिसाब-किताब में हेराफेरी कर दो लाख रुपये का कम भुगतान किया था। इसलिए वह उसे सबक सिखाना चाहता है। ऐसे में इसी घर में डकैती की योजना बनाई गई।
आरोपितों ने सुमिति सोईन के नौकर संजीव को भी लालच देकर अपने साथ मिला लिया। उन्होंने अप्रैल में लूट का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए। इसके बाद 24 मई को योजना बनाने के बाद नौकर संजीव का इशारा पाते ही वह घर में घुसे और सुमिति सोईन और नौकरानी के हाथ बांधकर तमंचे के बल पर डकैती को अंजाम दिया गया।
एसएसपी अजय सिंह के मुताबिक राजेश बंसल और रिंकू की गिरफ्तारी और पूछताछ के के बाद घटना में कुल सात बदमाशों की संलिप्तता पाई गई। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपितों को मोहित गंगवार नाम के व्यक्ति ने सिम कार्ड उपलब्ध कराए हैं। जिस पर उसे मोहित कुमार गंगवार निवासी राजा रोड सेलाकुई को सेलाकुई स्थित उसके फ्लैट से गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से रिंकू और राजेश के तमंचे भी बरामद किए गए।
इसके अलावा सुमिति के नौकर संजीव कुमार निवासी ग्राम गोपालपुर थाना कोतवाली बिजनौर यूपी को देहरादून से दबोच लिया गया। प्रकरण में सागर सोम निवासी सरधना, मेरठ यूपी के अलावा प्रेम थापा व उसके दोस्त की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
आरोपित राजेश उर्फ मदन ने वर्ष 2004 के दौरान शीशपाल नामक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में उसके खिलाफ थाना समयपुर बादली दिल्ली में हत्या का मुकदमा दर्ज है। इसके बाद वर्ष 2010 में बदमाश ने साथियों के साथ मिलकर थाना प्रशांत विहार क्षेत्र में एक व्यक्ति का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी।
वर्ष 2022 में थाना जनकपुरी, दिल्ली क्षेत्र में साथियों के साथ मिलकर ठेकेदार के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। वर्ष 2018 में थाना पटेलनगर दिल्ली में कैश वैन लूटने का प्रयास जबकि वर्ष 2019 में थाना द्वारिका दिल्ली क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर कैश वैन से डेढ करोड की लूट की। इसके अलावा मोहित गंगवार के खिलाफ धोखाधड़ी और रिंकू के खिलाफ थाना शालीमार बाग में डकैती का मुकदमा दर्ज है। रिंकू ने साथियों के साथ मिलकर मन्नापुरम गोल्ड से नौ किलो सोने की लूट की घटना को अजांम दिया था।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›