Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून पावंटा हाईवे पर संरक्षित पशुओं के अवशेष से भरा लोडर जलाया, ड्राइवर समेत तीन की पिटाई

देहरादून। देहरादून-पांवटा हाईवे पर गुरुवार रात उस समय तनाव की स्थिति बन गई जब भीड़ ने संरक्षित पशुओं के अवशेष से भरे एक लोडर को आग के हवाले कर दिया। घटना सेलाकुई के खाटू श्याम धाम के पास हुई, जहां अचानक अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब नौ बजे विकासनगर की ओर से आ रहा लोडर सेलाकुई बाजार में जाम में फंस गया था। वाहन से दुर्गंध उठने पर लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की। संदेह गहराने पर जब तिरपाल हटाया गया तो अंदर संरक्षित पशुओं के अवशेष मिले। यह देखते ही लोगों का गुस्सा भड़क गया और उन्होंने वाहन को आग लगा दी।
भीड़ ने लोडर चालक और उसके दो साथियों को पकड़कर जमकर पीटा। सूचना मिलते ही आरोपी पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद दोनों ओर से नारेबाजी शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को कई थानों की फोर्स बुलानी पड़ी।
तनाव को देखते हुए एसपी देहात रेनू लोहानी स्वयं मौके पर पहुंचीं और लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। देर रात तक पुलिस बल बड़ी संख्या में मौजूद रहा और भीड़ को समझाने की कोशिश की जाती रही।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›