Report by : CWN Desk
Published at :
हिमाचल के चंबा में दर्दनाक हादसा, 500 मीटर गहरी खाई में कार गिरने से 8 पर्यटकों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बड़ा सड़क हादसा। बर्फ से ढके सच दर्रे के पास 500 मीटर गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की कार, दो बच्चों समेत आठ लोगों की मौत।

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दर्दनाक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यहां के दुर्गम चुराह उपमंडल में एक अर्टिका कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कार में सवार दो मासूम बच्चों समेत कुल आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। यह दुखद घटना शुक्रवार देर रात बैरगढ़-सच दर्रा-किलर सड़क पर कालावन क्षेत्र के पास हुई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोलकाता और बंगलूरू से पहाड़ों की सैर करने आए दो अलग-अलग परिवारों ने पर्यटन नगरी डलहौजी से एक टैक्सी बुक की थी। ये सभी लोग शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे बर्फ से ढके और बेहद कठिन रास्ते वाले सच दर्रे (Sach Pass) का आनंद लेने निकले थे। जब गाड़ी निर्धारित समय पर वापस नहीं लौटी, तो चिंतित वाहन मालिक ने जीपीएस (GPS) लोकेशन खंगाली, जिससे गाड़ी के एक ही जगह स्थिर होने का पता चला।
खराब मौसम और अत्यंत खड़ी ढलान होने के कारण शनिवार को बचाव अभियान में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चुराह से भाजपा विधायक हंस राज ने बताया कि दुर्घटनास्थल बेहद दुर्गम है और वहां मोबाइल फोन का नेटवर्क भी काम नहीं कर रहा है। इसके चलते शनिवार को शवों को खाई से बाहर नहीं निकाला जा सका। प्रशासन द्वारा रविवार सुबह से दोबारा बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जा रहा है।
हादसे का शिकार हुए लोगों में बंगलूरू के अरविंद चंद्राकर, उनकी पत्नी प्राची, उनके दो बेटे दर्श (8 वर्ष) व अक्षाद (11 वर्ष), व्हाइट फील्ड कर्नाटक के पीजी कार्तिकेयन, उनकी पत्नी मणिमाला, बेटा नंदन और बनीखेत निवासी टैक्सी चालक विश्वास शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही पर्यटकों के गृह राज्यों और स्थानीय प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›