Report by : CWN Desk
Published at :
रुद्रपुर में ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने लगाई फांसी, आरोपी युवक पर केस दर्ज

रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप में एक महीने पहले फंदे पर लटकी मिली महिला की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर पर एक युवक के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है। पति ने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक ने उसकी पत्नी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर ब्लैकमेल किया, जिससे परेशान होकर पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कांवड़ लेने गया था पति, पत्नी ने कर ली आत्महत्या
ट्रांजिट कैंप निवासी व्यक्ति ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 23 फरवरी को अपने भाइयों के साथ कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। अगले दिन, 24 फरवरी की सुबह उसकी पत्नी ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वह घर लौटा तो पत्नी के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिसकी जानकारी उसे पहले से नहीं थी। जब उसने फोन की जांच की तो चौकाने वाली सच्चाई सामने आई।

प्रेमजाल में फंसाकर बनाया अश्लील वीडियो
पति ने आरोप लगाया कि शक्तिफार्म नंबर नौ निवासी प्रतुल विश्वास नामक युवक ने उसकी पत्नी को प्रेमजाल में फंसाकर उसका अश्लील वीडियो बना लिया और अवैध संबंध भी स्थापित किए। इसके बाद, प्रतुल ने उस वीडियो को इंटरनेट पर डालने की धमकी देकर पत्नी से लगातार रुपये ऐंठने शुरू कर दिए। पति ने बताया कि बदनामी के डर से पत्नी ने प्रतुल को कई बार रुपये भी दिए, लेकिन वह बार-बार धमकियां देकर उसे परेशान करता रहा।

रिश्तेदार को बताई थी प्रतुल की करतूत
महिला ने प्रतुल द्वारा की जा रही ब्लैकमेलिंग की जानकारी अपने एक रिश्तेदार को भी दी थी, जिसके बाद आरोपी को चेतावनी भी दी गई थी। बावजूद इसके प्रतुल ने अपनी हरकतें जारी रखीं। 23 फरवरी की रात को भी प्रतुल ने महिला को फिर से ब्लैकमेल कर रुपये की मांग की। बार-बार की प्रताड़ना और बदनामी के डर से तंग आकर महिला ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
पुलिस ने पति की तहरीर पर आरोपी प्रतुल विश्वास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले की विवेचना की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›