Report by : CWN Desk
Published at :
खटीमा में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, गर्भवती होने पर खुलासा, दो आरोपी नामजद

खटीमा। उत्तराखंड में 13 वर्षीय एक नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता पांच महीने की गर्भवती है, जिसके बाद इस घिनौने कृत्य का खुलासा हुआ। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अज्ञात युवकों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) विमल रावत ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता की मां ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करती है। उनकी बेटी ने उन्हें बताया कि मार्च 2025 में जब वह घर पर अकेली थी, तब गांव के दो युवकों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था।
पीड़िता ने आगे बताया कि उस घटना के बाद भी जब-जब वह घर पर अकेली होती थी, उन युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया, लेकिन जब वह गर्भवती हुई, तब इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। कोतवाल मनोहर सिंह दसौनी ने पुष्टि की है कि पीड़िता की मां की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›