Report by : CWN Desk
Published at :
ऋषिकेश में नाबालिग से छेड़छाड़ पर भड़की भीड़, हरियाणा के दो पर्यटकों को नंगा कर पीटा

ऋषिकेश के हरिद्वार रोड पर नाबालिग लड़की से अश्लील इशारे करने के आरोप में भीड़ ने हरियाणा के दो पर्यटकों की कार रोकी और उन्हें नंगा करके पीटा।

ऋषिकेश। उत्तराखंड के तीर्थनगरी ऋषिकेश में बुधवार शाम को एक बेहद चौंकाने वाला और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहाँ हरिद्वार रोड स्थित काली के ढाल के पास आक्रोशित भीड़ ने हरियाणा से आए दो पर्यटकों को बीच सड़क पर नंगा करके बेरहमी से पीट दिया। इन युवकों पर कार में बैठकर एक नाबालिग लड़की को अश्लील और अभद्र इशारे करने का गंभीर आरोप लगा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हरियाणा नंबर की एक कार (HR08AL9398) हरिद्वार से ऋषिकेश की ओर आ रही थी। पेट्रोल पंप के पास जैसे ही गाड़ी धीमी हुई, सड़क किनारे मौजूद एक नाबालिग लड़की ने युवकों की हरकतों का विरोध किया। लड़की ने तुरंत आसपास के स्थानीय लोगों से नाबालिग से बदसलूकी की शिकायत की। इसके बाद देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।
शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही पलों में मामला हिंसक हो गया। उग्र भीड़ ने कार को चारों तरफ से घेर लिया और उस पर पथराव करना शुरू कर दिया। इसके बाद भीड़ ने युवकों को पहले कार के अंदर ही पीटा और फिर उनके कपड़े उतारकर बाहर खींच लिया। एक युवक को नग्न अवस्था में सड़क पर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा गया, जिससे नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने किसी तरह उग्र भीड़ को शांत कराया और लहूलुहान हालत में घायल पर्यटकों को रेस्क्यू किया। पुलिस ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाकर उनका मेडिकल कराया और फिर चौकी ले आई। फिलहाल इस ऋषिकेश में छेड़छाड़ और मारपीट के मामले में किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर नहीं दी गई है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›