Report by : CWN Desk
Published at :
ट्रेन से टनकपुर जा रहे युवक के साथ दो युवकों ने लूटपाट कर चलती ट्रेन से नीचे फेंका


खटीमा। चलती ट्रेन से धक्का देकर एक युवक से मोबाइल और रुपये लूट लिए गए। प्राथमिक इलाज के बाद युवक की हालत सामान्य है। आरोपियों का पता नहीं चल सका है।
जानकारी के मुताबिक रामशाला, बीसलपुर, यूपी निवासी नितिन पुत्र इंद्रपाल खटीमा में किराये के मकान में रहता है। रविवार सुबह वह मजदूरी के लिए ट्रेन में सवार होकर टनकपुर जा रहा था। चकरपुर हॉल्ट के पास चलती ट्रेन में गेट पर दो युवकों ने उसकी जेब से करीब तीन हजार रुपये एवं मोबाइल छीन लिए और उसे धक्का देकर नीचे फेंक दिया। इसका पता चलने पर आसपास के लोगों ने घायल युवक को खटीमा उप जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना मिलने पर युवक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने बताया कि युवक की हालत सामान्य है। उन्होंने बताया कि युवक का मोबाइल रेलवे ट्रैक के पास ही गिरा पड़ा मिला। संभवत: रुपये लूटने वालों के हाथ से जल्दबाजी में मोबाइल गिर गया था। समाचार लिखे जाने तक परिजनों ने इस मामले में पुलिस में तहरीर नहीं दी थी।
इस संबंध में खटीमा स्टेशन अधीक्षक कौशल कुमार ने बताया कि आजकल पूर्णागिरि मेले के कारण ट्रेनों में बहुत अधिक भीड़ चल रही है। ऐसी संभावना है कि भीड़ के कारण युवक को धक्का लगने से गिर गया होगा। युवक का मोबाइल घटनास्थल पर ही मिल गया था। युवक से बातचीत की तो वह पूरी तरह से स्वस्थ है और अपने घर चला गया।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›