Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में निर्मम हत्या: नशे के आदी दो युवकों ने केयरटेकर की ली जान

देहरादून। सहस्रधारा रोड स्थित तरला नागल क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हेलीपैड के पास निर्माणाधीन मकान में चोरी की नीयत से घुसे दो नशे के आदी युवकों ने केयरटेकर की बेरहमी से हत्या कर दी। दोनों आरोपियों ने मौके पर पड़े सरिए से वार कर केयरटेकर को मौत के घाट उतारा।
घटना की सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। मृतक की पहचान ज्वालापुर, हरिद्वार निवासी 45 वर्षीय जर्रार अहमद के रूप में हुई है, जो ठेकेदार तौसिफ अहमद की देखरेख में केयरटेकर का काम कर रहे थे। मृतक के सिर व चेहरे पर गंभीर चोट के निशान मिले और खून बहा हुआ था।
ठेकेदार की तहरीर पर थाना राजपुर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आसपास के क्षेत्रों से साक्ष्य जुटाए। इसके आधार पर शुक्रवार सुबह आर्चिड पार्क के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान प्रवीन रावत उर्फ अमन (19 वर्ष), निवासी चालन गांव, सहस्रधारा रोड और पवन कुमार (19 वर्ष), निवासी काठबंगला, राजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने यह वारदात की। दोनों के पिता मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने चोरी की नीयत से घर में घुसकर केयरटेकर का विरोध करने पर हत्या की।
वर्तमान में पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। इस घटना ने क्षेत्र में दहशत फैला दी है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›