Report by : CWN Desk
Published at :
नानकमत्ता में एसआई भर्ती परीक्षा तैयारी के लिए हाइवे पर दौड़ रही दो युवतियों को वाहन ने टक्कर मारी, एक की मौत, दूसरी गंभीर

रुद्रपुर।नानकमत्ता में सब इंस्पेक्टर की भर्ती की तैयारी के लिए सुबह हाईवे किनारे दौड़ लगा रहीं दो युवतियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
शनिवार सुबह साढ़े चार बजे पचपेड़ा निवासी पूर्व ग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह करनावल की पुत्री मनजीत कौर (26) अपनी सहेली बिडौरा मझोला निवासी सुनीता कौर (22) पुत्री बलवंत सिंह के साथ रोज की तरह दौड़ते हुए नानकमत्ता आ रही थीं। वे सब इंस्पेक्टर की भर्ती की तैयारी कर रही थीं। नेशनल हाईवे पर डियूढी मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वे सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरीं। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सड़क किनारे चप्पल पड़ीं देख राहगीरों की नजर घायल युवतियों पर पड़ी। घायल सुनीता से मिले मोबाइल नंबर से दुर्घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी गई जिस पर उनके परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को निजी अस्पताल लाए जहां डॉक्टर ने मनजीत को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुनीता को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मनजीत की मौत की जानकारी मिलते ही पिता सुरेंद्र, मां गुरमीत कौर, बहन सुनीता कौर, कमलजीत कौर, भाई दीपक सिंह व मनदीप सिंह सहित नाते-रिश्तेदारों का रो-रो कर बुरा हाल था। दुर्घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश के लिए घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कमरे खंगाल रही है।
मनजीत कौर छह भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। मंगनी के बाद आगामी अक्तूबर-नवंबर में परिजन उसके विवाह की तैयारी में लगे थे। मनजीत की छोटी बहन राज कौर पुलिस कांस्टेबल है और वर्तमान में पिथौरागढ़ में तैनात है। मनजीत ने कुछ दिन पहले ही ग्राम विकास अधिकारी की परीक्षा दी थी। मनजीत की इच्छा पुलिस में सब इंस्पेक्टर बनने की थी जिसकी वह अपनी सहेली के साथ तैयारी कर रही थी। परिजनों ने बताया कि उसकी मंगनी हो चुकी थी। 

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›